बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर अपने व्यवहार को लेकर विवादों में घिर गए हैं। पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान एक मुस्लिम महिला का हिजाब खींचे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर मंच पर प्रमाण पत्र लेने पहुंचती है। इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कथित तौर पर महिला का हिजाब नीचे खींच देते हैं। इस घटना को लेकर विपक्ष ने मुख्यमंत्री के आचरण पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
इस मामले पर कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, शर्मनाक! एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचना उसकी गरिमा और धार्मिक पहचान पर सीधा हमला है। जब राज्य का मुख्यमंत्री ऐसा व्यवहार करे, तो महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।”
यह वीडियो राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। आरजेडी ने मुख्यमंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति अब चिंता का विषय बनती जा रही है। पार्टी ने इसे महिला सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
वहीं कांग्रेस ने भी इस घटना को लेकर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्य के सर्वोच्च पद पर बैठा व्यक्ति अगर इस तरह का आचरण करता है, तो इससे बिहार में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर संदेश जाता है।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है।










