आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एकादशी के अवसर पर बड़ा हादसा हो गया। काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत-बचाव कार्य जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कार्तिक मास की एकादशी होने के कारण मंदिर में हजारों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन नियंत्रण खो बैठे। अचानक धक्का-मुक्की शुरू होने से अफरातफरी मच गई और कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “काशीबुग्गा मंदिर में भगदड़ की यह घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।” सीएम ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है। राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
CMO और मंत्री ने दी जानकारी
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने बताया कि यह हादसा एकादशी के मौके पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्य के कृषि मंत्री के. अचन्नायडू तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी और हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
फिलहाल मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति सामान्य रखी जा सके और किसी भी संभावित अफरा-तफरी से बचा जा सके।










