वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने बनारस रेलवे स्टेशन के अल्फाबेटिकल स्टेशन कोड में बड़ा बदलाव किया है। अब तक स्टेशन का कोड BSBS था, जिसे बदलकर BNRS कर दिया गया है। यह नया स्टेशन कोड 1 दिसंबर 2025 से प्रभावी होगा।
यात्रियों को अब बनारस स्टेशन से टिकट बुक करते समय, चाहे वह यात्री आरक्षण केंद्रों, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम या IRCTC की वेबसाइट पर पुराने कोड BSBS की जगह नया कोड BNRS दर्ज करना होगा।
चार साल पहले बदला था स्टेशन का नाम
बनारस स्टेशन का सफर भी खास रहा है। 15 जुलाई 2021 को मंडुआडीह रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बनारस कर दिया गया था। भारतीय संस्कृति को सम्मान देते हुए स्टेशन पर लगे नाम बोर्ड पर हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू के साथ संस्कृत में ‘बनारसः’ भी लिखा गया, जो काशी की प्राचीनता और आध्यात्मिक पहचान को दर्शाता है।
एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं वाला स्टेशन
नव-निर्मित बनारस रेलवे स्टेशन विश्वस्तरीय आधुनिकता का एक अनोखा उदाहरण है। यह स्टेशन अब किसी हवाई अड्डे या बड़े कॉर्पोरेट ऑफिस की तरह नजर आता है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग हर आधुनिक सुविधा उपलब्ध है, जिनमें शामिल है-
-
विशाल प्रतीक्षालय क्षेत्र
-
विभिन्न श्रेणियों के वेटिंग रूम
-
उच्च श्रेणी यात्री विश्रामालय
-
एस्केलेटर, लिफ्ट
-
फूड प्लाज़ा, कैफेटेरिया
-
वीआईपी लाउंज
-
पर्याप्त पार्किंग
-
सेल्फी पॉइंट और राष्ट्रीय ध्वज
-
नैरो गेज इंजन जैसी धरोहर
-
ग्रीन और स्वच्छ सर्कुलेटिंग एरिया
-
आधुनिक बुकिंग/आरक्षण कार्यालय
-
एसी लाउंज, नॉन-एसी रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री
स्टेशन परिसर की वास्तुकला काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था को बखूबी प्रदर्शित करती है। फव्वारे और बैठने की विशेष व्यवस्था इसे और सुंदर बनाती है।










