वाराणसी में SIR के खिलाफ यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में रविवार दोपहर SIR के विरोध में यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यकर्ता शास्त्री घाट की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया। इसके बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभानु चिब के सर्किट हाउस पहुंचते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट गए और माहौल गर्म हो गया।

सर्किट हाउस पर नारेबाज़ी, पुलिस से तीखी झड़प

सर्किट हाउस परिसर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR और सरकार के खिलाफ ज़ोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती गई और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।

हंगामे के बीच सैकड़ों कार्यकर्ता हिरासत में

बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को वैन में भरकर हिरासत में ले लिया। सभी को पुलिस लाइन भेजा गया। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि किसी भी तरह की स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए।

पुलिस का बयान

एडीसीपी नीतू कद्द्यान ने कहा कि बिना अनुमति के राजनीतिक कार्यकर्ता सर्किट हाउस पर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। कई बार समझाने के बावजूद कार्यकर्ता नहीं माने, जिसके बाद कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें