Varanasi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर जहां पूरे देश में जश्न का माहौल था, वहीं वाराणसी पहुंचे अपना जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर तीखा प्रहार किया। बुधवार को एक होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान मौर्य ने सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए और बाबू सिंह के बयान का खुलकर समर्थन किया।
बाबू सिंह के बयान पर समर्थन
मौर्य ने कहा कि बाबू सिंह का बयान पूरी तरह सही है और वह सरकार की वास्तविक नीतियों को उजागर करता है। उन्होंने कहा, “मोदी जी को इस बयान पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यह बयान मेरे विचारों के खिलाफ नहीं, बल्कि उन्हें मजबूत करता है।”
रोजगार और गरीबी पर हमला
सपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार के रोजगार और गरीबी उन्मूलन के दावे सिर्फ कागज़ों तक सीमित हैं। उनके अनुसार, “न तो बेरोजगारी कम हुई है और न ही गरीबी का अंत हुआ है। आज भी 80 करोड़ लोग 5 से 10 किलो मुफ्त राशन पर निर्भर हैं। यही सरकार की असफलता का सबसे बड़ा सबूत है।”
किसानों की हालत पर चिंता
मौर्य ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने समर्थन मूल्य (MSP) देने का वादा किया था, लेकिन आज तक इस पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “किसानों की एक ही मांग थी कि उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य तय किया जाए, लेकिन सरकार ने कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।”
‘मां’ के सम्मान पर बयान
मौर्य ने मां के सम्मान को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “मां, मां होती है। चाहे वह मजदूर-चरवाहे की हो या ऋषि-मुनि की। हर मां का सम्मान होना चाहिए।”
कॉरपोरेट घरानों पर सीधा वार
स्वामी प्रसाद मौर्य ने सरकार पर कॉरपोरेट घरानों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बीजेपी, अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों के इशारे पर चल रही है। सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा हर तरह की साजिश रच रही है। अब जनता को आगे आकर इस सरकार को बाहर का रास्ता दिखाना होगा और जवाबदेही तय करनी होगी।”










