पटना। मकर संक्रांति के मौके पर लालू प्रसाद यादव के परिवार की एक भावुक और सुखद तस्वीर सामने आई है। मंगलवार को जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी और छोटे भाई, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की।
इस दौरान तेजप्रताप यादव ने सभी को मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी को आयोजित होने वाले दही-चूड़ा भोज का निमंत्रण दिया। पार्टी से निकाले जाने के बाद यह पहली बार है जब तेजप्रताप और तेजस्वी यादव आमने-सामने मिले, जिसे राजनीतिक और पारिवारिक दोनों नजरिए से अहम माना जा रहा है।
तेजप्रताप यादव ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा कीं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर पहुंचकर उन्होंने माता-पिता से आशीर्वाद लिया और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से भेंट कर मकर संक्रांति के दिन होने वाले “ऐतिहासिक दही-चूड़ा भोज” के लिए उन्हें आमंत्रण पत्र दिया।
तेजप्रताप ने पोस्ट में यह भी बताया कि इस मौके पर उन्हें अपनी भतीजी कात्यायनी को गोद में खिलाने का सुखद अवसर भी मिला। तस्वीरों में परिवार के सदस्यों के बीच अपनापन और सौहार्द साफ नजर आया, जिससे मकर संक्रांति के अवसर पर लालू परिवार में एक सकारात्मक संदेश जाता दिखा।










