घर बुलाकर की गई हैवानियत: वाराणसी में युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, 7 दिन बाद हॅास्पिटल में मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: जंसा थाना क्षेत्र स्थित हरसोस गांव में हुई सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल रहा, जबकि पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 की शाम करीब 8 बजे हरसोस गांव निवासी अमन राजभर उर्फ प्रिंशु को गांव के ही छोटेलाल राजभर, उसकी पत्नी चुन्नी देवी और पुत्र छोटू DJ ने अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद तीनों ने अमन के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की नीयत से उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

आग की चपेट में आने से अमन गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सात दिनों तक चले इलाज के बाद 5 जून 2026 की सुबह उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता रामनिवास राजभर, निवासी राजापुर थाना चोलापुर, की तहरीर पर जंसा थाने में छोटेलाल राजभर, चुन्नी देवी और छोटू DJ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना को देखते हुए अस्पताल, पोस्टमार्टम हाउस और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया था। जंसा पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया।

गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। थाना चोलापुर प्रभारी निरीक्षक एस.आर. गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें