बिहार का बच्चा बनेगा डॉक्टर, न कि रंगदार…सीतामढ़ी की धरती से PM Modi का महागठबंधन पर प्रहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीतामढ़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सीतामढ़ी की धरती से महागठबंधन और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार के बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को तय करेगा। मां सीता की पावन भूमि से उन्होंने कहा कि बिहार अब जंगलराज नहीं, बल्कि विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, “आज जब मैं मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आया हूं, तो इतने उत्साहित लोगों को देखकर वह दिन याद आना स्वाभाविक है। मां सीता के आशीर्वाद से ही विकसित बिहार बनेगा। यह चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों और आपकी संतानों का भविष्य कैसा होगा, इसलिए यह चुनाव बेहद अहम है।”

महागठबंधन पर जमकर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने आरजेडी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “आरजेडी वाले बिहार के बच्चों के लिए क्या करना चाहते हैं, यह उनके नेताओं के प्रचार में साफ दिख रहा है। उनके मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि उन्हें रंगदार बनना है। सोचिए, ये कैसी मानसिकता है!”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “अब बिहार का बच्चा रंगदार नहीं, बल्कि इंजीनियर, डॉक्टर, एडवोकेट और जज बनेगा। बिहार में अब ‘हैंड्सअप’ कहने वालों की जगह नहीं है। अब तो बिहार में स्टार्टअप के सपने देखने वाले युवाओं की जरूरत है।”

हम बच्चों के हाथ में किताबें और लैपटॉप दे रहे हैं

पीएम मोदी ने कहा, “हम अपने युवाओं के हाथ में किताबें, कंप्यूटर और लैपटॉप दे रहे हैं ताकि वे आगे बढ़ सकें। हमारे बच्चे खेलों में आगे बढ़ें, इसके लिए हम उन्हें बैट, हॉकी स्टिक, फुटबॉल और वॉलीबॉल दे रहे हैं।”

RJD और कांग्रेस ने 15 साल में बिहार को पीछे धकेला”

प्रधानमंत्री ने आरजेडी और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “ये लोग उद्योगों की ABCD भी नहीं जानते। इनकी पहचान केवल फैक्ट्रियां बंद करने और ताले लगाने की है। जंगलराज के 15 साल में एक भी बड़ा कारखाना बिहार में नहीं लगा। यहीं मिथिला में जो मिलें और फैक्ट्रियां थीं, वो भी बंद कर दी गईं। न कोई बड़ा अस्पताल बना, न मेडिकल कॉलेज।”

उन्होंने कहा कि “जो लोग बिहार को अंधेरे में धकेल चुके हैं, उनके मुंह से विकास की बातें सुनना सिर्फ एक सफेद झूठ है। अब बिहार को ऐसे नहीं, बल्कि विकास और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ना है।”

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें