UP Weather : उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम रोज़ाना नया रंग दिखा रहा है। कहीं आसमान साफ़ और हवा शुष्क बनी हुई है, तो कहीं बादल गरजते-बरसते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के करीब 40 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है।
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना
पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होगी, जबकि पूर्वी हिस्सों में कई जगहों पर ठीक-ठाक बारिश की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।
किन जिलों में होगी बारिश?
ललितपुर जिले में आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी में भी बारिश के आसार हैं। इन्हीं के साथ हरदोई, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर, रायबरेली, अमेठी, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर और सोनभद्र जिले भी बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों की सूची में शामिल हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी प्रदेश में सक्रिय है, जिसकी वजह से कुछ जगहों पर लगातार बारिश हो रही है।
-
28 और 29 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
-
30 सितंबर को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी, जबकि पूर्वी जिलों में अपेक्षाकृत ज्यादा बरसात की संभावना है।
-
1 अक्टूबर तक बारिश और उमस का यह दौर चलता रहेगा। हालांकि, अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं दिखेगा।










