केरल के सबरीमाला में बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा के दौरान एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई। राष्ट्रपति को ले जा रहा हेलीकॉप्टर लैंडिंग के वक्त हेलीपैड पर धंस गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी तरह की चोट या नुकसान की खबर नहीं है।
अधूरे हेलीपैड पर उतारा गया राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर
सूत्रों के अनुसार, सबरीमाला में राष्ट्रपति की यात्रा के लिए हेलीपैड का निर्माण अंतिम समय पर किया गया था। बताया गया कि मंगलवार की शाम को हेलीपैड बनाने का निर्णय लिया गया, जिसके बाद रात में ही कंक्रीट और सीमेंट डालने का काम शुरू हुआ। बुधवार सुबह तक सतह पूरी तरह सूखी नहीं थी, बावजूद इसके हेलीकॉप्टर को उतारने की अनुमति दी गई। जैसे ही हेलीकॉप्टर जमीन पर उतरा, उसके पहिए कच्चे कॉन्क्रीट में धंस गए।
राज्य खुफिया विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि हेलीपैड तैयार नहीं है और कॉन्क्रीट पूरी तरह सूखा नहीं है। लेकिन, इस चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे यह सुरक्षा चूक हुई।
पुलिस और दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला हेलीकॉप्टर
घटना के बाद मौके पर पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें पहुंचीं। सभी ने मिलकर काफी प्रयासों के बाद हेलीकॉप्टर को सुरक्षित बाहर निकाला। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुबह चार बजे तक भी यह स्पष्ट नहीं था कि यात्रा सड़क मार्ग से होगी या हवाई मार्ग से। इस कारण राष्ट्रपति सचिवालय ने तिरुवनंतपुरम से पंपा तक सड़क मार्ग की भी तैयारी रखी थी।
भगवान अयप्पा के दर्शन करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यह यात्रा भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए है। वह पंपा से सन्निधानम तक की यात्रा करेंगी और भगवान अयप्पा के दर्शन करेंगी। यह पहली बार होगा जब कोई महिला राष्ट्राध्यक्ष सबरीमाला मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी, जो इस ऐतिहासिक यात्रा को विशेष बनाता है










