मेटा ने एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X को बड़ा झटका दिया है। मेटा की Threads ऐप ने मोबाइल प्लेटफॉर्म पर डेली एक्टिव यूजर्स के मामले में X को पीछे छोड़ दिया है। सिमिलरवेब की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, एंड्रॉयड और iOS पर Threads अब X से ज्यादा एक्टिव यूजर्स के साथ आगे निकल चुकी है। हालांकि, वेब प्लेटफॉर्म पर अब भी X की मजबूत पकड़ बनी हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 7 जनवरी 2026 तक मोबाइल प्लेटफॉर्म्स पर Threads के डेली एक्टिव यूजर्स की संख्या 141.5 मिलियन दर्ज की गई, जबकि X के एंड्रॉयड और iOS यूजर्स की संख्या 125 मिलियन रही। पिछले कई महीनों से Threads लगातार ग्रोथ कर रही है और अब मोबाइल यूजर्स के मामले में उसने X को पछाड़ दिया है।
Threads को यह बढ़त मेटा के आक्रामक क्रॉस-प्रमोशन से मिली है। फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स पर प्रमोशन के चलते Threads तेजी से नए यूजर्स जोड़ने में सफल रही। इसके साथ ही, क्रिएटर्स पर फोकस और लगातार नए फीचर्स जोड़ने से प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता और एक्टिविटी में इजाफा हुआ है।
Threads और X के बीच यूजर्स का अंतर पिछले कुछ महीनों से लगातार कम हो रहा था। अगस्त 2025 में मेटा ने दावा किया था कि Threads के मंथली एक्टिव यूजर्स 400 मिलियन के पार पहुंच चुके हैं। इसके बाद डेली एक्टिव यूजर्स भी 150 मिलियन के करीब पहुंच गए थे। अमेरिका में जहां पहले X के डेली यूजर्स Threads से लगभग दोगुने थे, वहीं अब यह अंतर काफी हद तक सिमट गया है।
हालांकि, वेब प्लेटफॉर्म पर X अब भी आगे है। सिमिलरवेब के अनुसार, X पर रोजाना करीब 150 मिलियन डेली वेब विजिट्स होती हैं, जबकि Threads.com और Threads.net को मिलाकर यह संख्या केवल 8.5 मिलियन के आसपास है। इस तरह वेब यूजर्स के मामले में फिलहाल X की बादशाहत बरकरार है।










