वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर चौराहे के पास बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सड़क किनारे मौजूद आठ साल के एक बच्चे को जेसीबी वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की असामयिक मौत से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन गहरे सदमे में डूब गए।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुंदरपुर चौराहे पर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते वहां भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लोगों ने हादसे के लिए जेसीबी चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गुस्से में आए परिजनों ने मौके पर खड़े जेसीबी वाहन को नुकसान भी पहुंचाया। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस और एसीपी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात को संभालने की कोशिश शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
पुलिस ने मृत बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, जेसीबी चालक की तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










