वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। खेवशीपुर गांव के सामने रिंग रोड फेज-2 पर देर रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से टीवीएस एक्सल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रात में हुआ हादसा, मौके पर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के भडाव गांव निवासी सहती यादव (52) और रामविलास गुप्ता (40) शनिवार रात अपनी टीवीएस एक्सल से अकेलवा से लोहरापुर जा रहे थे। रिंग रोड फेज-2 पर खेवशीपुर गांव के सामने अचानक किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि रामविलास गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सहती यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय गई दूसरे की जान
सूचना मिलते ही लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सहती यादव को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस कर रही वाहन की तलाश
थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।उन्होंने कहा कि “हादसा किस वाहन से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।”
परिजनों में कोहराम
दुर्घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिंग रोड पर रात में तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, लेकिन निगरानी के उचित इंतजाम नहीं हैं।










