जौनपुर। प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के कोदहूं गांव के पास तड़के करीब साढ़े पांच बजे रोडवेज बस खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

इस दर्दनाक दुर्घटना में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस (UP 70 QT 3038) करीब 35 से अधिक यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कोदहूं गांव के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से जाग गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। एक घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया है।
चालक की मौके पर मौत
इस हादसे में बस चालक सतीश गुप्ता (45 वर्ष), निवासी बनुआडीह, थाना शाहगंज, जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।










