कर्नाटक में दर्दनाक सड़क हादसा: बस–ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, 12 से अधिक लोगों की जिंदा जलकर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 12 से अधिक लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना हिरियूर तालुका के गोरलट्टू इलाके में हुई, जहां एक निजी स्लीपर बस और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए।

आधी रात को हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक यह हादसा बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे हुआ। निजी स्लीपर बस बेंगलुरु से गोकार्णा जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का भी एक हिस्सा जल गया और ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल 32 यात्री सवार थे।

टक्कर के बाद भड़की आग

हादसे के तुरंत बाद बस और ट्रक में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण कई यात्री बाहर निकल नहीं सके और अंदर ही जिंदा जल गए। सूचना मिलते ही डीएसपी शिवकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

बस कंडक्टर की आपबीती

हादसे में घायल बस कंडक्टर मोहम्मद सलीम ने बताया, “मैं उस वक्त सो रहा था। अचानक तेज आवाज हुई, खिड़की का शीशा टूट गया और मैं बस से बाहर गिर गया। इसके बाद मुझे कुछ याद नहीं। होश आया तो मैं अस्पताल में था।” सलीम के हाथ और पैर में चोटें आई हैं।

घायलों का इलाज जारी, जांच शुरू

हादसे में घायल यात्रियों को पहले चित्रदुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें