Triple Murder in Ghazipur : जमीन विवाद में बेटा बना हैवान, मां-पिता और बहन की कुल्हाड़ी से की हत्या

Triple Murder in Ghazipur

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Triple Murder in Ghazipur : गाजीपुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के डिलिया गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि घर के ही 35 वर्षीय युवक अभय ने मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में आकर अपनी मां, पिता और बहन को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया।

घटना से गांव में मची अफरा-तफरी

सुबह-सुबह गांव में चीख-पुकार मच गई जब अभय ने पहले अपने पिता शिवराम यादव (70), फिर मां जमुनी देवी (65), और अंत में अपनी बहन कुसुम (35) पर कुल्हाड़ी से हमला किया। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पड़ोसियों ने शोर सुनकर माैके पर पहुंचने की कोशिश की, लेकिन तब तक अभय फरार हो चुका था।

पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और सीओ सिटी शेखर सिंह के साथ भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल से एक खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में शुरुआती कारण जमीन का बंटवारा सामने आया है। बताया जा रहा है कि शिवराम यादव के पास कुल तीन बीघा जमीन थी। करीब एक महीने पहले उन्होंने अपनी बेटी कुसुम के नाम 15 बिस्वा जमीन कर दी थी। इसी बात को लेकर अभय काफी समय से नाराज चल रहा था और परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे।

कुसुम की शादीशुदा जिंदगी भी बनी तनाव की वजह

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुसुम की पहली शादी करीब 15 साल पहले हुई थी लेकिन पति ने उसे छोड़ दिया। कुछ साल बाद उसकी दूसरी शादी भी कराई गई, पर वहां भी बात नहीं बनी। कुसुम पिछले कुछ वर्षों से मायके में ही रह रही थी, जो अभय को पसंद नहीं था। उसे लगता था कि उसकी बहन को घर और जमीन में अनावश्यक हिस्सेदारी दी जा रही है।

हत्या से गांव में दहशत

तीन लोगों की निर्मम हत्या से गांव में मातम पसरा है और लोग स्तब्ध हैं कि एक बेटा ऐसा कैसे कर सकता है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और फरार अभय की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें