उद्धव ठाकरे ने बिहार में महिलाओं को 10 हजार रुपये देने के फैसले पर उठाया सवाल, महाराष्ट्र की अनदेखी पर जताई चिंता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बिहार में महिलाओं को 10,000 रुपये देने के निर्णय पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र वर्तमान में गंभीर संकट का सामना कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार का ध्यान बिहार पर केंद्रित है। उनका आरोप है कि चुनाव की वजह से बीजेपी महाराष्ट्र की बजाय बिहार पर ध्यान दे रही है।

ठाकरे ने 1 अक्टूबर को प्रेस वार्ता में कहा, “कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से मिलने गए थे और खबर आई कि प्रस्ताव का इंतजार किया जा रहा है। बिहार में चुनाव हैं और प्रधानमंत्री ने वहां हर महिला को 10,000 रुपये दिए। महाराष्ट्र संकट में है, लेकिन हमारी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यह सरासर अन्याय है।”

उन्होंने अपनी सरकार के समय किए गए फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की मुश्किलें देखकर उन्हें काफी दुख हुआ, इसलिए कर्जमाफी की गई। “आज भी किसानों को पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है। केवल अध्ययन किया जा रहा है और केंद्र का दल अब तक नहीं आया है। वे कब आएंगे और पंचनामा करेंगे?” ठाकरे ने सवाल उठाया।

पूर्व सीएम ने सीएम देवेंद्र फडणवीस की ओर इशारा करते हुए कहा, “आप इसे ‘ओला सूखा’ कहें या कुछ और, लेकिन नई योजनाओं की आवश्यकता है। स्कूल खुलने चाहिए और सफाई अभियान शुरू किया जाना चाहिए। 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री अनाज देते हैं, लेकिन जो किसान इसे उगाता है, उसे क्या मिल रहा है? राजनीति नहीं, बल्कि वास्तविक समस्याओं का समाधान जरूरी है। हमें अपनी मांगों के लिए दिल्ली तक जाना चाहिए।”

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें