कोहरे के आगोश में डूबने वाला है यूपी, तेजी से गिरेगा तापमान, ठंड को लेकर आया IMD का अपडेट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सर्दी अब दस्तक दे चुकी है। दिन की धूप कमजोर पड़ने लगी है और सुबह-शाम ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। कई जिलों में हल्के से घने कोहरे की चादर दिखने लगी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान तेजी से गिरेगा और राज्य के कई हिस्सों में भयंकर ठंड पड़ सकती है।

2 से 4 डिग्री तक गिरेगा न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में यूपी के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र ने बताया कि 7 नवंबर से मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है।

फिलहाल मौसम विभाग ने राज्य के सभी 75 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है, यानी अभी किसी बारिश या आंधी की संभावना नहीं है।

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक बोले– सर्दी का असर तेजी से बढ़ेगा

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में अब सर्दी का असर तेजी से बढ़ेगा। उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली ठंडी हवाएं तापमान में और गिरावट लाएंगी। नवंबर के दूसरे हफ्ते से उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी।

लखनऊ में गिरी पारा की सुई

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार की सुबह हल्के कोहरे के साथ शुरू हुई। दिन चढ़ने पर आसमान साफ रहा, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रही। आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो गुरुवार की तुलना में करीब 2 डिग्री कम है।

नोएडा, आगरा, कानपुर और मेरठ में बढ़ेगी ठंड

नोएडा, आगरा, कानपुर और मेरठ में भी अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। सुबह और देर रात को हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, मेरठ में सबसे कम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फुसरतगंज में 600 मीटर दृश्यता वाला घना कोहरा छाया रहा।

इन जिलों में भी दिखेगा ठंड का असर

गाजियाबाद, मथुरा, झांसी, अलीगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आजमगढ़, अयोध्या, रायबरेली और बरेली जैसे जिलों में भी अब कोहरे और ठंड का असर बढ़ने लगा है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें