UP Monsoon Session 2025 : उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र (UP Monsoon Session 2025) 11 अगस्त 2025 से शुरू होने जा रहा है। योगी सरकार की हालिया कैबिनेट बैठक में इस सत्र की तारीखों को मंजूरी दी गई। माना जा रहा है कि यह सत्र कई अहम मुद्दों को लेकर गरमाया रहेगा, जिसमें सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
इस सत्र में कानून व्यवस्था, अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग पर मचा विवाद, और आगामी पंचायत चुनाव 2026 जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठ सकते हैं। समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच इन विषयों पर टकराव की पूरी संभावना जताई जा रही है।
पिछला सत्र कब हुआ था?
सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर प्रदेश विधानमंडल का पिछला सत्र 18 फरवरी 2025 को बुलाया गया था। इसमें विधानसभा और विधान परिषद की बैठकें 5 मार्च 2025 को स्थगित कर दी गई थीं और औपचारिक रूप से 12 मार्च को सत्र समाप्त कर दिया गया था।
क्यों जरूरी था 11 अगस्त से सत्र बुलाना?
संविधान के अनुच्छेद 174 (1) के अनुसार, विधानमंडल के दो सत्रों के बीच अधिकतम छह महीने का अंतराल हो सकता है। चूंकि पिछला सत्र 5 मार्च को समाप्त हुआ था, इसलिए अगला सत्र 5 सितंबर से पहले बुलाना अनिवार्य था। इसी के तहत 11 अगस्त की तारीख तय की गई है।
क्या होगा इस बार के मानसून सत्र में?
विधानसभा प्रक्रिया नियमावली 2023 के अनुसार, सदस्यों को सत्र की तिथि की जानकारी आमतौर पर 7 दिन पहले दी जाती है। इस सत्र में पिछले कुछ महीनों में शासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण अध्यादेशों को विधेयकों के रूप में पास कराया जाएगा।
साथ ही कुछ अन्य जरूरी विधायी कार्य और औपचारिक कार्यवाही भी इस सत्र का हिस्सा होंगी। विधानमंडल का यह 2025 का दूसरा सत्र होगा, जिसे वर्षाकालीन सत्र (मानसून सत्र) कहा जा रहा है।










