UP Weather : नया पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा यूपी में ठंड, 14 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भयंकर कोहरे और शीतलहर के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को 14 से अधिक जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इन इलाकों में घने से घना कोहरा छाया रहेगा और तापमान में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 18 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों ही क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। कई शहरों में पूरे दिन ठंड का असर रहेगा और सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं होंगे। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए अलग-अलग जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

14 से ज्यादा जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार गुरुवार को कई जिलों में शीतलहर के साथ विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच सकती है। रेड अलर्ट वाले जिलों में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर शामिल हैं।

इन जिलों में रहेगा मध्यम कोहरा

इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, कौशांबी, जौनपुर और अयोध्या में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आगरा, मथुरा, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर और इटावा में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।

कानपुर में सबसे कम तापमान

बीते 24 घंटों की बात करें तो आगरा, बरेली, गोरखपुर, कानपुर और कुशीनगर में जीरो विजिबिलिटी वाला घना कोहरा दर्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ में भी बदला मौसम

राजधानी लखनऊ में मौसम पूरी तरह करवट ले चुका है। गुरुवार की सुबह शहर की शुरुआत घने कोहरे से होगी, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नोएडा में भी मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे दिन के समय भी ठंड का असर साफ महसूस होगा।

नया पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा ठंड

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसके चलते प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें