UPSC ने रैंक 301 को लेकर जारी किया स्पष्टीकरण, गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ही हैं असली उम्मीदवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल रिजल्ट में रैंक-301 को लेकर उठे विवाद पर स्पष्टिकरण जारी कर दिया है। आयोग ने पत्र जारी करते हुए बताया कि ऑल इंडिया रैंक 301 उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह की है। उनके पिता का नाम रणजीत सिंह और माता का नाम नीलम सिंह है, जबकि उनका रोल नंबर 0856794 है।

दरअसल 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद रैंक-301 को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई थी। बिहार के आरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने भी इसी रैंक पर अपना दावा किया था, जिससे मामला चर्चा में आ गया।

दो उम्मीदवारों के दावे से पैदा हुआ भ्रम

सिविल सर्विसेज परीक्षा 2025 के परिणाम में मेरिट सूची में 301वीं रैंक पर आकांक्षा सिंह का नाम दर्ज था। चूंकि दोनों उम्मीदवारों का नाम एक जैसा था, इसलिए उत्तर प्रदेश और बिहार की दो अलग-अलग आकांक्षा सिंह के दावों के कारण स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी।

एडमिट कार्ड की जांच में सामने आया अंतर

मामले की पड़ताल में सामने आया कि गाजीपुर की आकांक्षा सिंह के इंटरव्यू कॉल लेटर और एडमिट कार्ड पर रोल नंबर 0856794 दर्ज है। एडमिट कार्ड के QR कोड को स्कैन करने पर भी यही रोल नंबर दिखाई दिया।

वहीं बिहार के आरा की आकांक्षा सिंह के एडमिट कार्ड पर भी यही रोल नंबर अंकित था, लेकिन QR कोड स्कैन करने पर अलग रोल नंबर सामने आया, जिससे गड़बड़ी का पता चला।

यूपी की आकांक्षा ने किया था दावा

गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने बताया था कि उन्होंने इसी रोल नंबर से अगस्त 2025 में मेंस परीक्षा और 4 फरवरी 2026 को इंटरव्यू दिया था। उन्होंने कहा था कि यह परिणाम उन्हीं का है और इसे एडमिट कार्ड तथा रोल नंबर से आसानी से सत्यापित किया जा सकता है।

बिहार की उम्मीदवार ने मानी गलती

वहीं बिहार के भोजपुर जिले के अगिआंव प्रखंड के खोपीरा गांव की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने बाद में कहा कि उनका वास्तविक रोल नंबर 0856569 है। उन्होंने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए कहा कि यह उनकी नहीं बल्कि प्रणाली की त्रुटि हो सकती है।

UPSC परीक्षा में 958 उम्मीदवार चयनित

गौरतलब है कि UPSC ने 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल परिणाम घोषित किया था। इस परीक्षा में कुल 958 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए किया गया है। वहीं राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें