Varanasi : कैंट के मीट मार्केट में लगी भीषण आग, 7 दुकानें और आधा दर्जन से अधिक बाइकें जली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में सोमवार तड़के कैंट क्षेत्र का सदर बाजार तेज धमाकों से गूंज उठा। मीट मार्केट में अचानक शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों और किचन को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 7 दुकानें जलकर राख हो गईं, जबकि आधा दर्जन से अधिक बाइकें भी आग की लपटों में आ गईं। बताया जा रहा है कि किचन में रखे 6 गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने के बाद एक-एक कर फटने लगे।

सिलेंडरों के धमाके सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घर और दुकानें छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे। इसी बीच एक दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही कैंट थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया।

कुछ ही देर में तीन फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि फटते सिलेंडरों के कारण दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

फिलहाल मलबा हटाने और जले हुए सामान को ठंडा करने का कार्य जारी है। कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि सिलेंडरों के धमाकों ने आग को और भयावह बना दिया था, लेकिन समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई। सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस अब आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें