Varanasi : CM Yogi ने 250 बालक-बालिकाओं को बांटी लैपटॉप और सिलाई मशीनें, कहा- पीएम मोदी के नेतृत्व में….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वाराणसी के शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित काशी अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई-कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के 14वें सत्रांत समारोह में शामिल होकर महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 250 बालक-बालिकाओं को सिलाई मशीन, लैपटॉप और प्रमाणपत्र वितरित किए।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती, महादेव और मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन किया। उन्होंने आश्रम के महंत शंकर पुरी जी महाराज को समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए धन्यवाद दिया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में काशी का विकास: योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि काशी का नेतृत्व दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और घरौनी वितरण योजना संचालित की जा रही हैं, जिनसे महिलाओं को स्वावलंबन की दिशा में सशक्त बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि अब काशी में पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस (LPG) की आपूर्ति शुरू हो चुकी है, जिससे महिलाओं को बड़ी राहत मिली है।

वस्त्र उद्योग बनेगा महिलाओं के रोजगार का बड़ा माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि “दुनिया में कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार वस्त्र उद्योग देता है।” उन्होंने बताया कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 1100 एकड़ में वस्त्र मित्र पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जो रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा। योगी ने कहा कि “जो महिलाएं यहां सिलाई-कढ़ाई का कार्य कर रही हैं, उनके बनाए वस्त्र एक दिन पूरे विश्व की महिलाएं पहनेंगी।”

संस्कृत बनेगी विश्व को जोड़ने वाली भाषा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा मंदिर का यह मठ संस्कृत और संस्कृति के उत्थान का केंद्र बन चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में संस्कृत ही दुनिया को जोड़ने वाली भाषा बनेगी। उन्होंने बताया कि सरकार संस्कृत विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप, शोध एवं आवासीय सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है।

योगी ने कहा कि “संस्कृत केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि भाव की भी भाषा है। महर्षि वाल्मीकि ने पहला संस्कृत महाकाव्य रचा था और तक्षशिला विश्वविद्यालय भारत की महान परंपरा का प्रतीक है।”

कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी राय धर्मेन्द्र सिंह, एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. सुनील पटेल, त्रिभुवन राम, सुशील सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और डीआईजी वैभव कृष्ण सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें