वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के घसियारी टोला वार्ड में शनिवार को गली निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इस कार्य का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया।
विधायक ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत वार्ड की सभी बाहरी और आंतरिक गलियों में स्मार्ट चौका लगाने का कार्य किया जाएगा। यह पहल 75 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के दौरान मिली जन शिकायतों के समाधान के रूप में की जा रही है। प्रवास के दौरान विधायक ने क्षेत्र का भ्रमण कर गलियों की खराब स्थिति का निरीक्षण किया था, जिसके बाद इस निर्माण कार्य को प्राथमिकता में शामिल किया गया।

इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग 67 लाख रुपये है, जिसे त्वरित आर्थिक विकास निधि से स्वीकृत किया गया है। निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराया जाएगा।
विधायक डॉ. तिवारी ने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उनके विकास कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पूर्व मंडल अध्यक्ष नलिन नयन मिश्र, महानगर मंत्री दिलीप साहनी, पार्षद अभिजीत भारद्वाज, पार्षद कनकलता मिश्रा, विजय सोनकर, विष्णु यादव, दीपक मौर्य समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










