वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपनी तीन साल की बेटी के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
यह घटना जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे लाइन के पास लच्छीपुर गांव के समीप हुई। मृतका की पहचान अनीता देवी (22) और उसकी तीन वर्षीय बेटी दर्शना के रूप में हुई है।
दवा लेने के बहाने घर से निकली थी महिला
जानकारी के अनुसार अनीता देवी अपने पति अजीत कुमार और बेटी के साथ लच्छीपुर गांव में रहती थी। अजीत कुमार मुंबई में नौकरी करता है और घर पर कम ही आ पाता था। बताया जा रहा है कि इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
सोमवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद अनीता देवी दवा लेने का बहाना बनाकर अपनी बेटी के साथ घर से निकल गई। पति अजीत कुमार भी पीछे-पीछे चल पड़ा। जब वे चौखंडी रेलवे लाइन के पास पहुंचे तो महिला अचानक अपनी बेटी को गोद में लेकर पटरी की ओर दौड़ने लगी।
ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत
उसी दौरान सामने से वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी। पति समेत आसपास मौजूद लोग महिला को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। ट्रेन के इंजन से टकराकर मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पति भी मौके पर ही शव से लिपटकर बिलखता रहा।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मायके पक्ष ने दामाद पर लगाए आरोप
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और दामाद पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अजीत कुमार अक्सर उनकी बेटी से झगड़ा करता था, जिसके कारण वह करीब तीन साल से मायके में ही रह रही थी।
परिजनों का आरोप है कि सोमवार को अजीत कुमार किसी बहाने से अनीता को अपने साथ ले गया और बाद में उन्हें इस घटना की जानकारी मिली।
पति ने दी अलग सफाई
वहीं पति अजीत कुमार का कहना है कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब थी और वे दोनों दवा लेने के लिए भवानीपुर जा रहे थे। चौखंडी रेलवे लाइन के पास पत्नी ने सहेली से मिलने की बात कहकर रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रेन आ गई और यह दुखद हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।










