मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना नदी पर हुआ दर्दनाक नाव हादसा पूरे देश को झकझोर गया है। वृंदावन के घाटों पर जहां भक्ति और श्रद्धा का माहौल था, वहीं अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी नाव बीच धारा में पलट गई।
हादसे के तीसरे दिन राहत और बचाव कार्य के दौरान एक और शव बरामद किया गया है, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। अभी भी एक व्यक्ति लापता है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को नदी में डूबे पंजाब निवासी यश भल्ला उर्फ युवराज का शव केशीघाट के पास देवराहा बाबा घाट किनारे से मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करने में भी काफी मुश्किल हुई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान इस शव को बरामद किया।
इसी दिन एक महिला मोनिका का शव भी यमुना नदी से निकाला गया। गौरतलब है कि 10 अप्रैल को हुए इस हादसे में कुल 16 लोग लापता हो गए थे, जिनमें से अब तक 15 के शव बरामद किए जा चुके हैं।
प्रशासन के अनुसार, अब भी एक व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस और राहत टीमें ड्रोन की मदद से नदी के आसपास सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं, हादसे के दौरान 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
इस हादसे ने एक बार फिर घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और नाव संचालन नियमों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच में जुटा है।









