वृंदावन नाव हादसा: 20 किमी दायरे में चल रहा सर्च ऑपरेशन, 15 की मौत, एक श्रद्धालु अब भी लापता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। मंगलवार को हादसे का पांचवां दिन है, लेकिन अब भी एक श्रद्धालु का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।

20 किमी दायरे में चल रहा सर्च ऑपरेशन

सेना, NDRF और SDRF की संयुक्त टीम लगातार यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। करीब 20 किलोमीटर के दायरे में लापता श्रद्धालु पंकज मल्होत्रा (40) की तलाश की जा रही है, जो हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे और एक स्टील कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

सोमवार को मिले दो शव

सोमवार सुबह नदी से दो शव बरामद हुए। हादसे वाली जगह से करीब 12 किलोमीटर दूर बंगाली घाट और देवरा बाबा आश्रम के पास ये शव मिले। प्रशासन के अनुसार, पानी में रहने के कारण शव फूलकर ऊपर आ गए थे।

  • महिला की पहचान लुधियाना की मोनिका टंडन के रूप में हुई, जो अपनी सास के साथ दर्शन के लिए आई थीं।
  • युवक की पहचान 22 वर्षीय यश भल्ला के रूप में हुई, जो पहली बार वृंदावन आए थे और धार्मिक संकीर्तन से जुड़े थे।

अधूरी रह गईं कई जिंदगियां

मोनिका टंडन की शादी महज 6 महीने पहले हुई थी और वह जल्द ही विदेश जाने की तैयारी में थीं। वहीं, यश भल्ला अपने परिवार का सहारा थे और धार्मिक कार्यक्रमों में ढोलक बजाया करते थे।

हादसे ने छोड़ा गहरा सदमा

इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रशासन और राहत टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं कि लापता श्रद्धालु को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें