वाराणसी में एयर शो को लेकर सुरक्षा प्लान तैयार, 30 लाख लोगों की भीड़ का अनुमान; जल-थल-नभ से होगी निगरानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर वाराणसी पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।

वाराणसी में एयरशो: जल, थल एवं नभ से निगरानी, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज ....

22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी एयर शो में शामिल होने के संकेत मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। वायु सेना के अधिकारी भी आयोजन स्थल और आसपास के घाटों का निरीक्षण कर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

जल, थल और नभ से होगी निगरानी

एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जल, थल और नभ से निगरानी का मेगा प्लान तैयार किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को भीड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी कैमरे, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल के निर्देश दिए हैं।

संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर खास जोर

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने व्यवस्थित पार्किंग, प्रवेश और निकास व्यवस्था के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों के लिए अलग मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए। बैरिकेडिंग, प्रतीक्षा क्षेत्र और कतार प्रबंधन को लेकर भी विशेष तैयारी करने को कहा गया।

गंगा के दोनों किनारों पर चिह्नित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आपातकालीन मार्ग और निकास व्यवस्था रहेगी दुरुस्त

करीब 30 लाख लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए आपातकालीन मार्ग और इमरजेंसी एग्जिट को हर समय व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया है। पुलिस आयुक्त ने तैयारियों में सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर करने के लिए पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) कराने के निर्देश भी दिए।

पुलिस और प्रशासन से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है, ताकि एयर शो के दौरान किसी तरह की सुरक्षा या यातायात संबंधी समस्या सामने न आए और लोग सुरक्षित माहौल में आयोजन का आनंद ले सकें।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी यातायात अनिल कुमार, एडीसीपी वैभव बांगर और अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

न्यूज राष्ट्र

Leave a Comment

और पढ़ें