वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने छह और प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने वाराणसी, मेरठ, झांसी, आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद समेत छह सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इसके साथ ही पार्टी ने विधान परिषद की सभी 11 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा पूरी कर दी है।

भाजपा की ओर से जारी सूची में वाराणसी स्नातक क्षेत्र से केदार नाथ सिंह और वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं मेरठ स्नातक क्षेत्र से दिनेश गोयल, इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से अशोक कुमार राठौर, आगरा शिक्षक क्षेत्र से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया गया है।

वाराणसी में MLC चुनाव की प्रक्रिया शुरू
वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई। निर्वाचन अधिकारी एवं कमिश्नर एस. राजलिंगम ने सुबह 11 बजे अधिसूचना जारी कर नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत कराई।
दोपहर एक बजे तक चार प्रत्याशियों ने एमएलसी चुनाव के लिए चालान की राशि जमा कर नामांकन पत्र प्राप्त किया। इनमें तीन प्रत्याशी स्नातक और एक शिक्षक क्षेत्र से हैं। इसके अलावा 17 उम्मीदवारों ने चालान पत्र लिया। इनमें 13 स्नातक और चार शिक्षक क्षेत्र के उम्मीदवार शामिल हैं।
सभी 11 सीटों पर भाजपा ने उतारे उम्मीदवार
विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव के लिए भाजपा इससे पहले पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी थी। अब छह और नामों की घोषणा के साथ पार्टी ने सभी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार तय कर दिए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग की ओर से जारी पत्र में नए प्रत्याशियों के नामों की जानकारी दी गई। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही वाराणसी समेत संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब नामांकन प्रक्रिया के साथ ही प्रत्याशियों के चुनावी अभियान और राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
Author: News Rastra
न्यूज राष्ट्र









