वाराणसी: कपसेठी बाजार में जनरल स्टोर में रखे पटाखों में हुए जोरदार विस्फोट में घायल पांच साल के मासूम कार्तिक जायसवाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि मकान का बारजा ढह गया और दुकान के दरवाजे, खिड़कियां व रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे बाजार और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कार्तिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। शुक्रवार को ही उसका पांचवां जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के बाद वह ननिहाल गया था और रात में ही घर लौटा था। ननिहाल से उसे खिलौने भी मिले थे। शनिवार सुबह खेलते हुए वह मकान की तीसरी मंजिल पर स्थित दुकान में पहुंच गया। इसी दौरान फुलझड़ी जलाने के प्रयास के बीच वहां रखे एक बोरे में अचानक तेज धमाका हो गया।
धमाके से ढह गया तीसरी मंजिल का बारजा
धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान के तीसरे तल का आगे का बारजा ढह गया। दुकान की रेलिंग, खिड़की और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए। विस्फोट में कार्तिक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में अचेत हो गया।
परिजन आनन-फानन में उसे कपसेठी चौराहे स्थित शर्मा क्लिनिक लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे भदवर स्थित हेरिटेज मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान कार्तिक ने दम तोड़ दिया।
जन्मदिन के अगले दिन हुई मौत से परिवार में कोहराम
कार्तिक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे को खोने के बाद पिता आशीष जायसवाल और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह सदमा इसलिए भी गहरा है क्योंकि शुक्रवार को ही कार्तिक ने अपना पांचवां जन्मदिन मनाया था।
पुलिस ने अस्पताल में पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गोमती जोन के अधिकारियों ने भी मौके और घटना की जानकारी ली।
जनरल स्टोर में पटाखे रखने को लेकर सवाल
कपसेठी थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में आशीष जायसवाल का मकान है और इसी मकान में जायसवाल जनरल स्टोर संचालित होता है। इसी दुकान की तीसरी मंजिल पर पटाखों में विस्फोट हुआ। घटना के बाद दुकान में पटाखे किस तरह और किन परिस्थितियों में रखे गए थे, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दशहरा और दीपावली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पटाखों के भंडारण को लेकर प्रशासन को सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। लोगों ने अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री की जांच की मांग भी उठाई है।फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर घटना की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और दुकान में रखे पटाखों के भंडारण से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Author: News Rastra
न्यूज राष्ट्र









