वाराणसी में रवि फैन के गोदाम में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान का अनुमान; रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मोढ़ेला तिराहा के पास सोमवार तड़के रवि फैन कंपनी के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम धुएं और आग की चपेट में आ गया। हादसे के बाद आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

वाराणसी में पंखे के गोदाम में लगी भीषण आग, आसपास के मकान कराए गए खाली, करोड़ों की क्षति

सुबह करीब चार बजे सिक्योरिटी गार्ड ने दी सूचना

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब चार बजे गोदाम में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने आग लगने की जानकारी मैनेजर अनादि शंकर गुप्ता को फोन पर दी। इसके बाद मैनेजर ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मंडुवाडीह थाने के उपनिरीक्षक सत्यानंद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास काले धुएं का गुबार फैल गया।

केमिकल और थिनर के ड्रम से बढ़ा खतरा

गोदाम में पंखों के अलावा पंखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, केमिकल और थिनर से भरे ड्रम रखे हुए थे। ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम की दीवारों में भी दरारें पड़ गईं।

हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने बिल्डिंग में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी व्यक्ति के आग में फंसे होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

रिहायशी इलाके में गोदाम होने पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि फैन कंपनी का यह गोदाम रिहायशी इलाके में बनाया गया था। आग लगने के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली कराया, ताकि आग के फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि न हो।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद सामने आएगा कारण

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।

कंपनी की ओर से आग में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकड़ा आग पूरी तरह बुझने और गोदाम में रखे सामान का आकलन किए जाने के बाद ही सामने आएगा।

News Rastra
Author: News Rastra

न्यूज राष्ट्र

Leave a Comment

और पढ़ें