वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर में मंगलवार को वकीलों और पुलिस के बीच बड़ा टकराव देखने को मिला। आक्रोशित वकीलों ने बड़ागांव थानाध्यक्ष (SHO) और एक पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी। घायल दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चेकिंग विवाद बना बवाल की वजह
मामले की जड़ शनिवार के दिन हुई घटना है, जब चेकिंग के दौरान एक वकील से पुलिस ने अभद्रता और मारपीट की थी। इस घटना से नाराज वकीलों ने आज विरोध प्रदर्शन किया और देखते ही देखते हालात बिगड़ गए। बड़ी संख्या में वकीलों ने नारेबाजी करते हुए पुलिसकर्मियों को निशाना बना लिया।
कचहरी परिसर छावनी में तब्दील
तनाव बढ़ने पर पूरा कचहरी परिसर छावनी में बदल गया। स्थिति संभालने के लिए कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई। हजारों की संख्या में मौजूद वकील पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई की तैयारी
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा कचहरी पहुंचे। उन्होंने बताया कि SHO समेत पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले वकीलों की पहचान की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। मीणा ने कहा कि सबूतों के आधार पर दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










