संडे फॉर साइकिल : BHU परिसर में मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं संग की साइकलिंग, नशामुक्ति और फिटनेस का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। नशामुक्त भारत की ओर एक प्रेरणादायी कदम के तहत वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में ‘संडे फॉर साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और विशिष्ट जनों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि भारत सरकार के केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्वयं साइकिल चलाकर युवाओं को फिटनेस और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उनके साथ खेल राज्य मंत्री, अन्य केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी साइकिल यात्रा में शामिल हुए। इस सामूहिक भागीदारी से कार्यक्रम का उत्साह चरम पर रहा।

फिटनेस और पर्यावरण के लिए ‘हर रविवार एक घंटा साइकिल’

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने हरी झंडी दिखाकर की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा,“देश को विकसित बनाने के लिए जरूरी है कि हमारी युवा पीढ़ी स्वस्थ और नशा मुक्त हो। हमने आज से यह संकल्प लिया है कि हर रविवार एक घंटा साइकिल चलाएंगे। इससे शरीर फिट रहेगा और पर्यावरण की रक्षा में भी योगदान मिलेगा।

नशा मुक्त भारत को जन अभियान बनाने का आह्वान

डॉ. मांडविया ने नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा एक सामाजिक और राष्ट्रीय चुनौती बन चुका है, जो युवाओं को सबसे अधिक प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल शिविरों या औपचारिक प्रयासों से समाधान नहीं होगा, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देना होगा। “हर नागरिक को चाहिए कि कम से कम पांच लोगों को नशा विरोधी अभियान से जोड़े। तभी यह अभियान सार्थक परिणाम दे सकेगा।”

अमृत काल में युवाओं की भूमिका

उन्होंने याद दिलाया कि 15 अगस्त 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए ‘अमृत काल’ के पंच प्रण का उल्लेख किया था। उसमें 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की बात कही गई थी, और इस लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। भारत की 65% आबादी 35 साल से कम आयु की है। यह युवाशक्ति देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सक्षम है।”

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें