Varanasi :बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करते हुए सलारपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय राहत शिविर का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बाढ़ की स्थिति का आंकलन करने के लिए खुद गंगा किनारे पहुंचकर पानी के स्तर और प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली। नायब तहसीलदार ने उन्हें अवगत कराया कि यदि जलस्तर और बढ़ा, तो विद्या विहार इंटर कॉलेज को अतिरिक्त राहत केंद्र के रूप में तैयार किया जाएगा। अधिकारियों ने पिछली बार की अधिकतम बाढ़ स्थिति से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया।

खाद्य सामग्री और रहने की सुविधा की व्यवस्था के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि जो परिवार अपने घरों में ऊपरी मंजिलों पर रह रहे हैं, उन्हें भी खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि राहत शिविरों को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए और कोई भी पीड़ित परिवार किसी तरह की असुविधा का शिकार न हो।

रजिस्टर की जांच, पीड़ितों से संवाद

सलारपुर राहत शिविर में जिलाधिकारी ने मौजूद परिवारों की संख्या से जुड़ी रजिस्टर प्रविष्टियों की जांच की और बाढ़ पीड़ितों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियों को सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता दी जाएगी।

स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा, फॉगिंग और चूने का छिड़काव नियमित रूप से कराया जाए।

बच्चों की पढ़ाई न हो प्रभावित

उन्होंने एसडीएम सदर को निर्देश दिया कि स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा बाधित न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अमित कुमार, तहसीलदार, अन्य विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें