UP Weather : यूपी के कई जिलों में आज भारी बरसात और बिजली गिरने का अलर्ट, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून इस समय आफत बनकर बरस रहा है। पूर्वी से लेकर पश्चिमी यूपी तक आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और गरजते बादलों की आवाज लोगों में डर पैदा कर रही है। इसी बीच, मौसम विभाग ने रविवार 10 अगस्त को भी प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटे में मानसून की रफ्तार और तेज हो जाएगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई शहरों में मानसूनी बादल छाए रहेंगे, लेकिन जोरदार बारिश की संभावना पश्चिमी यूपी में ज्यादा है।

इन जिलों में होगी भारी बारिश

आज पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, हापुड़, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल, मुरादाबाद, बदायूं, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर और कासगंज में आकाशीय बिजली के साथ मध्यम बारिश के आसार हैं।

यहां छाए रहेंगे बादल, होगी हल्की-तेज बारिश

पूर्वी यूपी के गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, अंबेडकर नगर, गोंडा, गाजीपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ और देवरिया में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की तो कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

कुछ जिलों में रहेगा धूप-गर्मी का असर

रविवार को राजधानी लखनऊ में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है। कानपुर में उमस भरी गर्मी और झांसी में भी इसका असर दिखेगा। कई शहरों में आज अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है।

13 अगस्त से बदलेगा मौसम का मिजाज

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 13 अगस्त को बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्र में लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसके चलते यूपी में एक बार फिर अच्छी बारिश होगी और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें