Varanasi : कंपोजिट विद्यालय के औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिलाधिकारी, परखी स्कूल की व्यवस्थाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Varanasi : जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को एल टी कॉलेज परिसर स्थित कंपोजिट विद्यालय, अर्दली बाजार वरुणापार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, निपुण लक्ष्य की प्रगति, स्मार्ट क्लास की व्यवस्था और विद्यार्थियों की संख्या का जायजा लिया।

निरीक्षण के समय शिक्षकों की संख्या कम मिलने पर प्रधानाचार्य ने बताया कि कुछ शिक्षक प्रशिक्षण पर गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एबीएसए और प्रधानाचार्य को निर्देश दिया कि एक साथ कई शिक्षकों को प्रशिक्षण पर न भेजा जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छठवीं कक्षा के छात्रों से संवाद किया और प्रश्न पूछे। एक बच्ची से अंग्रेजी की किताब पढ़ने को कहा, जिसे उसने सुचारू रूप से पढ़कर सुनाया। बच्चों ने जिलाधिकारी को बताया कि वे स्मार्ट टीवी के माध्यम से पृथ्वी का निर्माण, मानव की उत्पत्ति, आग की खोज और प्रारंभिक मानव सभ्यता के भोजन के बारे में सीख रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बच्चों के उत्तरों पर प्रसन्नता व्यक्त की और अध्यापकों को निर्देश दिया कि सभी बच्चों का नियमित टेस्ट लें और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को निपुण लक्ष्य तक पहुंचाने का प्रयास करें।

इसके साथ ही उन्होंने एल टी कॉलेज के खाली मैदान, बाउंड्रीवाल की स्थिति, जर्जर भवनों और राजकीय पुस्तकालय का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तीन होमगार्ड को शिफ्टवार तैनात करने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने अक्षय पात्र फाउंडेशन का भी अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर प्रभारी डीआईओएस, संबंधित क्षेत्र के एबीएसए और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें