जौनपुर। खेतासराय में मंगलवार देर रात करीब 10:45 बजे थाना क्षेत्र के गुरैनी पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें वाराणसी से शाहगंज जा रही रोडवेज बस और सामने से आ रही ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक दो वर्षीय बच्ची, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
थानाध्यक्ष रामआसरे राय ने बताया कि मृतकों में खुटहन थाना क्षेत्र के देवी प्रसाद (32) और आजमगढ़ जिले की गेना देवी (59) की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य तीन की शिनाख्त के लिए परिजनों को सूचना दी गई है।
घटना के बारे में थानाध्यक्ष ने बताया कि बस जौनपुर होते हुए खेतासराय से शाहगंज की ओर जा रही थी। गुरैनी पेट्रोल पंप के पास बस चालक ने लापरवाही से दाहिनी ओर वाहन मोड़ दिया, जिससे सामने से आ रही ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। बस में कुल 22 यात्री सवार थे, जिनमें से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने सभी घायलों को निजी अस्पताल भिजवाया, जहां से हालत नाजुक होने पर पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें से दो का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और एक को बनारस रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही डीएम डॉ. दिनेश चंद्र और एसपी डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। डीएम ने बताया कि कुल सात लोग जिला अस्पताल लाए गए थे, जिनमें से पांच की मौत हो गई, जबकि दो का उपचार जारी है।










