ओडिशा के पुरी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जगन्नाथ मंदिर को लेकर धमकी भरा संदेश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को जगन्नाथ मंदिर के पास स्थित एक छोटे मंदिर की दीवार पर उड़िया भाषा में चेतावनी लिखी मिली, जिसमें कहा गया है कि आतंकवादी मंदिर को ध्वस्त कर देंगे।
यह संदेश बाली साही इलाके में स्थित मां बूढ़ी ठकुराणी मंदिर की दीवार पर लिखा गया था। चेतावनी में लिखा है—”आतंकवादी श्रीमंदिर को नष्ट कर देंगे। मुझे फोन करो, वरना विनाश होगा।” स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीवार पर कई फोन नंबर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी दर्ज था।
पुलिस की प्रतिक्रिया
पुरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पिनाक मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया और कहा कि मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने बताया कि कुछ सुराग मिले हैं और दोषियों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है।
जांच में अब तक की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ये संदेश मंगलवार रात को लिखे गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सुरक्षा गार्डों से पूछताछ हो रही है। मिश्रा ने कहा कि इस हरकत के पीछे का मकसद भी पता लगाया जा रहा है।
देशभर में अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और हवाई अड्डों पर कड़ी जांच चल रही है। स्थानीय पुलिस और केंद्रीय बलों को भी चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।










