UP: खाटू श्याम दर्शन कर लौट रहे एटा के श्रद्धालुओं की पिकअप हादसे का शिकार, 7 बच्चों समेत 11 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के एटा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव असरौली में बुधवार को मातम पसर गया। राजस्थान के दौसा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 9 असरौली निवासी और 2 फिरोजाबाद के रिश्तेदार शामिल हैं।

गांव से दो पिकअप वाहनों में 42 लोग खाटू श्याम के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।

दुर्घटना में एक पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें महिलाएं और बच्चे सवार थे। इस हादसे में 7 बच्चों और 4 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज जयपुर और दौसा के अस्पतालों में चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम प्रेम रंजन सिंह, एसएसपी श्याम नारायण सिंह, एएसपी राजकुमार सिंह, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी गांव पहुंचे। डीएम ने बताया कि मृतकों और घायलों की सूची तैयार कर ली गई है और दौसा जिला प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं। साथ ही, पीड़ित परिवारों की मदद के लिए एक टीम भी वहां भेजी गई है।

कैसे हुआ हादसा


यह दुर्घटना दौसा जिले के बैसई थाना क्षेत्र में हुई, जब यात्रियों से भरी पिकअप एक कंटेनर के पीछे जा टकराई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क काफी व्यस्त रहती है, जहां ओवरटेक करना मुश्किल होता है। अनुमान है कि रात में ड्राइवर को झपकी आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से टकरा गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप बुरी तरह चकनाचूर हो गई।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें