Independence Day 2025 : भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उन वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद देश को गुलामी की बेड़ियों से आज़ाद कराया।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण करते हुए कहा कि आज़ादी का यह पर्व केवल जश्न नहीं, बल्कि हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने और नए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है और संविधान अमृत काल में प्रवेश कर चुका है, जो सामाजिक न्याय, भाईचारा और समानता के मूल्यों को और मज़बूत बना रहा है।
सीएम योगी ने हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना के शौर्य, स्वदेशी मिसाइलों और ड्रोन की ताकत की सराहना की। उन्होंने इसे भारत की आत्मनिर्भरता और सामरिक क्षमता का प्रतीक बताया। साथ ही, उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ कार्यक्रम को प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई ऊंचाई देने वाला कदम कहा। इस योजना के जरिए स्थानीय उत्पादों को बेहतर डिज़ाइन, पैकेजिंग और तकनीक के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि स्वदेशी को जीवनशैली का हिस्सा बनाना स्वतंत्रता दिवस का एक महत्वपूर्ण संकल्प होना चाहिए। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा में सिविल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका की भी सराहना की।
अंत में, सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस शहीदों के प्रति आभार जताने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा लेने का दिन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी लोग अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा रखते हुए ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में योगदान दें।










