कठुआ में बादल फटने और भूस्खलन से तबाही, CM उमर अब्दुल्ला ने जताया शोक और की मुआवजे की घोषणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कठुआ जिले में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से हुई भारी जनहानि और नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। सुबह-सुबह हुई इन घटनाओं में राजबाग के जोध घाटी गांव और जंगलोट के बागरा गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जहां सात लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।

पीड़ित परिवारों के लिए मदद का ऐलान

सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा, घायलों और प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज भी जारी किया गया है:

  • गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये

  • सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये

  • पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1 लाख रुपये

  • आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 25 से 50 हजार रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावितों को राज्य आपदा राहत कोष (SDRF) और मुख्यमंत्री राहत कोष दोनों से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

CM ने दिए राहत व बचाव के निर्देश

उमर अब्दुल्ला ने प्रशासन को आदेश दिया है कि प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं, ताकि परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा, “सरकार इस कठिन घड़ी में हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उनकी पीड़ा को कम करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।”

गृह मंत्री अमित शाह ने की बातचीत

इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बात की और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराएंगे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें