PM Modi का कांग्रेस पर तीखा वार, कहा- संविधान का ढोल पीटने वालों ने ही उसे कुचला…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला और कहा कि जो लोग संविधान का नाम लेकर सियासत करते हैं, वही पहले इसके साथ सबसे ज्यादा अन्याय कर चुके हैं। उन्होंने खुलासा किया कि दिल्ली में एक समय ऐसा कानून लागू था, जिसके तहत सफाईकर्मियों को बिना सूचना दिए छुट्टी लेने पर जेल भेजा जा सकता था।

“सफाईकर्मियों को जेल भेजने वाला कानून था लागू”

दिल्ली के रोहिणी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “जो लोग संविधान सिर पर रखकर नाचते हैं, उन्होंने ही इसे सबसे ज्यादा कुचला और बाबासाहेब अंबेडकर की भावनाओं के साथ विश्वासघात किया। दिल्ली नगर निगम एक्ट में यह प्रावधान था कि यदि कोई सफाईकर्मी बिना बताए काम पर नहीं आता तो उसे एक महीने तक जेल में डाला जा सकता था। सोचिए, छोटी सी गलती पर सफाईकर्मियों को जेल भेजना, क्या यह इंसाफ था?”

“हमने ऐसे गलत कानून खत्म किए”

पीएम मोदी ने कहा कि आज जो लोग सामाजिक न्याय की बातें करते हैं, उन्हीं के शासन में ऐसे कड़े और अन्यायी कानून बने रहे। उन्होंने जोर देकर कहा, “यह मोदी है जिसने ऐसे सैकड़ों पुराने और बेकार कानून खत्म किए हैं। हमारा मिशन है कि देश से ऐसे सभी अनुचित कानून हटाए जाएं और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”

दिवाली पर मिलेगी देशवासियों को “डबल बोनस”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार के लिए रिफॉर्म का मतलब सिर्फ नीतिगत बदलाव नहीं बल्कि सुशासन का विस्तार है। उन्होंने ऐलान किया कि दिवाली से पहले देश को बड़ा तोहफा मिलने वाला है।

पीएम मोदी ने कहा, “जीएसटी में बड़े सुधार की तैयारी चल रही है। हमने इसका ड्राफ्ट राज्यों को भेजा है और उम्मीद है कि सभी राज्य इसमें सहयोग करेंगे। इस दिवाली देशवासियों को डबल बोनस मिलेगा और यह दिवाली और भी खास बनेगी।”

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें