नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर गए एक्सिओम-4 मिशन के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से भेंट की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें मिशन की शानदार सफलता पर शुभकामनाएं दीं। उनकी मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है।
पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत
प्रधानमंत्री ने शुभांशु शुक्ला का हार्दिक स्वागत करते हुए उनसे हाथ मिलाया और गले लगाकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। मुलाकात के दौरान शुक्ला ने पीएम को टैबलेट पर अपनी अंतरिक्ष यात्रा की तस्वीरें दिखाईं और उन्हें एक्सिओम-4 मिशन का ‘मिशन पैच’ स्मृति स्वरूप भेंट किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से खींची गई खास तस्वीरें भी साझा कीं।
भारत लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
रविवार तड़के ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा पूरी कर जब शुभांशु भारत लौटे तो एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। लोग तिरंगा लहराते और ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी जाहिर करते नजर आए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन मौजूद थे। वहीं लखनऊ से उनके पिता शंभु दयाल शुक्ला और बहन शुचि मिश्रा भी उनसे मिलने पहुंचे।
संसद में चर्चा, विपक्ष रहा नदारद
इस मिशन को लेकर लोकसभा में विशेष चर्चा का आयोजन किया गया था। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्षी दलों से इसमें भाग लेने की अपील की थी, लेकिन कई विपक्षी सांसद चुनावी धांधली के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए सत्र का बहिष्कार कर गए।
एक्सिओम-4 मिशन की झलक
शुभांशु शुक्ला 25 जून को फ्लोरिडा से रवाना हुए एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा थे, जो अगले ही दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंच गया। उनके साथ अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उज़्नान्स्की-विस्नीवस्की और हंगरी के टिबोर कापू भी शामिल थे। 18 दिनों के इस मिशन में दल ने कई अहम वैज्ञानिक प्रयोग किए।










