UP Weather : उत्तर प्रदेश में इस समय मौसम बदलता हुआ नजर आ रहा है। कहीं रिमझिम फुहारें लोगों को राहत दे रही हैं तो कहीं तेज धूप और उमस ने हाल बेहाल कर दिया है। सोमवार को प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी हिस्सों में चिलचिलाती धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
अगले दो दिन नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी जिलों में केवल एक-दो जगहों पर बूंदाबांदी के आसार हैं। यह स्थिति 21 अगस्त तक बनी रहेगी।
22 अगस्त से लौटेगा मानसून
22 अगस्त से मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग का कहना है कि 23 अगस्त को पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है।
आज कहां बरस सकते हैं बादल
-
गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना – सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर, मेरठ, अमरोहा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा, झांसी, ललितपुर और सोनभद्र।
-
हल्की बूंदाबांदी की संभावना – नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, संभल, बदायूं, चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, औरैया, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, संत कबीर नगर, गोरखपुर, मीरजापुर और चंदौली।
दो दिन बाद मिलेगी गर्मी से राहत
अभी प्रदेश में किसी तरह का बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले दो दिनों तक मौसम लगभग इसी तरह रहेगा। हालांकि इसके बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।










