अगर आप भी रील्स देखने के शौकीन हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। Instagram अब एक नया पिक्चर-इन-पिक्चर (PiP) फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इस अपडेट के बाद आप रील्स को बीच में रोके बिना ही फोन पर दूसरी ऐप्स इस्तेमाल कर पाएंगे। यानी चाहे मैसेज भेजना हो, शॉपिंग करनी हो या इंटरनेट ब्राउज़ करना – रील्स चलते रहेंगे। फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग फेज़ में है और आने वाले कुछ हफ्तों में इसे रोल आउट कर दिया जाएगा।
नया फीचर कैसे करेगा काम?
जब यूजर इस फीचर को ऑन करेगा, तो इंस्टाग्राम ऐप से बाहर निकलने के बाद भी स्क्रीन पर एक छोटी विंडो में रील्स चलते रहेंगे। सेटिंग्स में जाकर इसे आसानी से ऑन या ऑफ किया जा सकेगा। इंस्टाग्राम की कोशिश है कि लोग ज्यादा समय तक उसके प्लेटफॉर्म पर जुड़े रहें और एंगेजमेंट बढ़े। गौरतलब है कि टिकटॉक पर यह सुविधा पहले से मौजूद है और अब इंस्टाग्राम भी इसे लाने की तैयारी कर रहा है।
क्यों जरूरी पड़ा यह फीचर?
आजकल लोग शॉर्ट वीडियो के इतने आदी हो गए हैं कि उनका ध्यान एक जगह टिकना मुश्किल हो गया है। वे एक साथ कई काम करना चाहते हैं। यही वजह है कि PiP फीचर की मदद से वे रील्स भी देख पाएंगे और साथ ही अपने दूसरे काम भी जारी रख सकेंगे।
दरअसल, भारत में टिकटॉक पर बैन है लेकिन बाकी देशों में इंस्टाग्राम को उससे कड़ी टक्कर मिल रही है। ऐसे में यूजर्स को टिकाए रखने और मुकाबले में आगे निकलने के लिए यह फीचर इंस्टाग्राम की रणनीति का अहम हिस्सा है।










