देवरिया में रफ्तार का कहर : रील बनाते समय ट्रक से भिड़ी बाइक, दो नाबालिग छात्रों समेत महिला की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक पर रील बना रहे तीन छात्रों की बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे में सड़क पार कर रही महिला समेत दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई, जबकि तीसरा छात्र गंभीर रूप से घायल है और उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा सुबह करीब 8 बजे कसया रोड ओवरब्रिज के पास हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों छात्र बाइक तेज रफ्तार में दौड़ा रहे थे और मोबाइल से रील शूट कर रहे थे। अचानक सामने से आ रहे ट्रक को देखकर चालक किशन घबरा गया। उसने पहले सड़क पार कर रही 40 वर्षीय मुन्नी देवी को टक्कर मारी और फिर बाइक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चकनाचूर हो गई और सभी छात्र सड़क पर गिर पड़े।

मृतकों में दो नाबालिग छात्र

हादसे में किशन चौहान (17) और अनूप कुमार (16) की मौत हो गई। किशन, पिड़रा वार्ड नंबर 9 का रहने वाला था और बीआरडी इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। हाल ही में उसने हाईस्कूल पास किया था, जिसके बाद उसके पिता ने 7 दिन पहले ही उसे फाइनेंस पर नई अपाचे बाइक दिलाई थी।
अनूप कुमार रघवापुर वार्ड नंबर 1 का रहने वाला था और हाईस्कूल का छात्र था। उसके दो छोटे भाई हैं। तीसरा छात्र राज (16) गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

महिला भी नहीं बच पाईं

सड़क किनारे झोपड़ी में रहने वाली मुन्नी देवी रोज की तरह सुबह पानी लेने जा रही थीं। तभी हादसे की चपेट में आ गईं। उनके परिवार में पिता और दो छोटे बच्चे- 6 साल की बेटी और 2 साल का बेटा है।

परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़

मृतक किशन के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि बेटे को दी गई नई बाइक उसकी मौत की वजह बन जाएगी। अनूप के घर पर भी मातम पसरा हुआ है। वहीं मुन्नी देवी के छोटे बच्चों का भविष्य अब अधर में लटक गया है।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि डायल 112 पर हादसे की जानकारी मिली थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने किशन, अनूप और मुन्नी देवी को मृत घोषित कर दिया। तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और घायल छात्र का इलाज जारी है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें