छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में संगठन का कुख्यात लीडर मनोज उर्फ मॉडेम बालकृष्ण भी शामिल है, जिसे माओवादी गतिविधियों का बड़ा चेहरा माना जाता था। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी अभी भी जारी है।
नारायणपुर में आत्मसमर्पण की लहर
इधर, नारायणपुर जिले में भी पुलिस को बड़ी उपलब्धि हाथ लगी। यहां 16 नक्सलियों ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। नारायणपुर के एसपी रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी निचले स्तर के कैडर थे। ये लोग जनताना सरकार, चेतना नाट्य मंडली और माओवादी पंचायत मिलिशिया जैसी इकाइयों से जुड़े हुए थे।
नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी मजबूती
इन दोनों घटनाओं को सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। एक ओर जहां गरियाबंद में ऑपरेशन से नक्सल संगठन को गहरा झटका लगा है, वहीं नारायणपुर में आत्मसमर्पण ने इस अभियान को और मजबूती दी है।










