उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पिछले कई दिनों से जारी बारिश अब थमने जा रही है और इसकी जगह अब तेज धूप और गर्मी लेने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि अब आसमान से काले बादल छंट जाएंगे और मौसम साफ रहेगा। अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि, कुछ जिलों में हल्के बादल मंडरा सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना भी बनी रहेगी।
8 अक्टूबर को कुछ जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि बाकी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और महाराष्ट्र में हो सकती है। वर्तमान में प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं, यानी भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, अब पहले जैसी झुलसाने वाली गर्मी लौटने की आशंका भी नहीं है।










