UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह करवट ले चुका है। बीते दिनों हुई हल्की बारिश के बाद अब आसमान साफ हो गया है और हवा में ताजगी घुल गई है। दिन में धूप के साथ हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि रात में मौसम ठंडा और सुहाना बनने लगा है। लोगों ने अब रात में एसी और कूलर बंद कर दिए हैं। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि मानसून अब विदा हो चुका है और सर्दियों की दस्तक शुरू हो गई है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले एक हफ्ते तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। 11 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड का एहसास होगा। विभाग ने कहा है कि फिलहाल किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है, और आसमान अधिकतर साफ रहेगा।
लखनऊ और नोएडा का मौसम
राजधानी लखनऊ में आज मौसम खुला रहेगा। दिन के समय अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन में हल्की गर्मी के बावजूद शाम होते-होते मौसम सुहाना हो जाएगा।
इसी तरह नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, वाराणसी, कानपुर, अयोध्या और गोरखपुर में भी आसमान साफ रहेगा। इन इलाकों में दिन में धूप और रात में हल्की ठंड बनी रहेगी।
कहां सबसे ज्यादा और कहां सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों में उरई प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फतेहगढ़, बहराइच और वाराणसी में भी गर्मी का असर थोड़ा अधिक महसूस हुआ।
इसके विपरीत, इटावा, बाराबंकी, बुलंदशहर, कानपुर और मेरठ में न्यूनतम तापमान 17 से 18.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो हल्की ठंड की ओर इशारा करता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है। यानी प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ, सुहाना और स्थिर बना रहेगा।










