वाराणसी। भेलूपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। युवक का शव उसके घर के कमरे की फर्श पर पड़ा मिला। घटना के बाद मृतक की मां ने अपनी बहू पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
कमरे में संदिग्ध हालात में मिला शव
जानकारी के अनुसार, भेलूपुर के बड़ी पटिया निवासी शोभा तिवारी, जो एक ब्यूटी पार्लर चलाती हैं, ने कई साल पहले एक बच्चे को गोद लिया था। उन्होंने उसे दीपक तिवारी नाम दिया और परिवार के दस्तावेजों में बेटे के रूप में दर्ज कराया। दो साल पहले दीपक की शादी बिहार के आरा की वर्षा तिवारी से हुई थी। शादी के बाद से ही सास-बहू के बीच लगातार तनाव बना रहा। अक्सर झगड़े होते रहते थे और वर्षा पति के साथ अलग रहने की जिद करती थी।
झगड़े के बाद चीख पुकार
शुक्रवार को सास और बहू के बीच फिर विवाद हुआ। कुछ देर बाद दीपक के कमरे से चीख पुकार सुनाई दी। जब घरवाले और पड़ोसी पहुंचे, तो दीपक फर्श पर बेहोश पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं थी, लेकिन चेहरा नीला पड़ा हुआ था, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
मां का आरोप
दीपक की मां शोभा तिवारी ने आरोप लगाया कि उनकी बहू वर्षा ने गला दबाकर बेटे की हत्या की है। वहीं, पत्नी वर्षा तिवारी का कहना है कि दीपक को करेंट लग गया था, जिससे उसकी मौत हुई।
मौके पर पुलिस और एसीपी पहुंचे, हंगामा
घटना की जानकारी पर भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों और महिलाओं ने वर्षा तिवारी को पीटने की कोशिश की, जिसे महिला पुलिसकर्मियों ने किसी तरह रोक लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस बोली- मौत की वजह स्पष्ट नहीं”
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो सकेगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीपक शराब पीने का आदी था और अक्सर मां और पत्नी दोनों से झगड़ा करता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।










